बाल विवाह के खिलाफ गन्धुवई गांव में चला जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक से बताए दुष्परिणाम

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत निजामाबाद पुलिस और महिला एवं बाल कल्याण विभाग की पहल, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक, महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की दी जानकारी

— हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत रविवार को निजामाबाद थाना क्षेत्र के गन्धुवई गांव में बाल विवाह एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल कल्याण विभाग के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। नुक्कड़ नाटक के जरिए बाल विवाह से होने वाले सामाजिक और व्यक्तिगत नुकसान को समझाते हुए इस कुरीति को समाप्त करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।


अभियान का उद्देश्य समाज में व्याप्त बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त करना और महिलाओं एवं बच्चों के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करना रहा। अधिकारियों ने आमजन से बाल विवाह रोकने में सहयोग करने तथा महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में निरीक्षक निहार नंदन, प्रभारी थाना एएचटी, निरीक्षक राकेश सिंह, थाना प्रभारी निजामाबाद, प्रीति उपाध्याय एवं अन्नू सिंह (महिला एवं बाल कल्याण विभाग), संजय शाही (चाइल्ड हेल्पलाइन-1098), चित्रांशु मिश्रा (चौकी प्रभारी फरिहा), प्रियंका तिवारी (चौकी प्रभारी बदरका) तथा पूनम विश्वकर्मा (प्रभारी मिशन शक्ति अभियान) सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
आजमगढ़ पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के साथ ही सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *