

सेंट जेवियर्स हाई स्कूल समेदा में जन्माष्टमी से पूर्व मटका फोड़ प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की कृष्ण की बाल लीलाओं की
झांकी हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शहर के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, समेदा के प्रांगण में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से एक दिन पूर्व मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गोविंदाओं का रूप धारण कर पिरामिड बनाते हुए 25 फीट ऊंचाई पर लटकाए गए मटके को फोड़ा। रेड हाउस की टीम ने महज 13 सेकंड में मटका फोड़कर प्रतियोगिता में विजय हासिल की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंध निदेशक अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य विननंज शर्मा, उप प्रधानाचार्या संगीता राय और समन्वयक कुणाल गुप्ता सहित अन्य ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की वंदना के साथ किया।
मटका फोड़ प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। गोविंदाओं ने एक-दूसरे के कंधों पर चढ़कर शानदार पिरामिड बनाया और निर्धारित ऊंचाई पर पहुंचकर मटके को फोड़ा। प्रतियोगिता में रेड हाउस की टीम ने सबसे कम समय में मटका फोड़कर प्रथम स्थान हासिल किया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की सीख दी। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने जीवन में सत्य, धर्म और कर्तव्य का मार्ग अपनाया। महाभारत में उन्होंने धर्म और सत्य की स्थापना के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
आवासीय प्रबंध निदेशक अनिरुद्ध जायसवाल ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सदैव सत्य के मार्ग पर चलने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। बच्चों ने बांसुरी निर्माण के साथ भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित सुंदर झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य विननंज शर्मा ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।