मंडलायुक्त विवेक बोले— पूर्वांचल के लिए बड़ी उपलब्धि, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के संस्कार देगा सैनिक स्कूल
आजमगढ़ के इटौरा चंडेश्वर स्थित प्रो. बजरंग त्रिपाठी सैनिक स्कूल में शुक्रवार को प्रथम शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रेरणास्रोत एवं प्रख्यात शिक्षाविद स्वर्गीय प्रो. बजरंग त्रिपाठी की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।
मुख्य अतिथि मंडलायुक्त विवेक ने कहा कि पीपीपी मॉडल पर स्थापित यह सैनिक स्कूल पूर्वांचल के लिए एक बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना का विकास करेगा। कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए अनुशासन, परिश्रम और समर्पण का संदेश दिया।
संस्था के चेयरमैन डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संस्कार और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है। समारोह में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
