दो लाख नहीं दिया तो मिली भगत कर निरस्त करा दिया आय प्रमाण पत्र

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

आंगनबाडी भर्ती में धनउगाही का आरोप, अभ्यर्थी ने डीएम को सौंपा शिकायती पत्र

निष्पक्ष जांच करा कर पीडिता ने दोषी सीडीपीओ व तहसीलदार पर कार्रवाई की उठाई मांग

आजमगढ़। आंगबाडी कार्यकर्ती भर्ती में अनियमितता व भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। एक अभ्यर्थी ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच कर शिकायती पत्र सौंपते हुए यह आरोप लगाया। अभ्यर्थी ने सीडीपीओ पर पैसा मांगने व तहसीलदार पर मिलीभगत कर आय प्रमाण पत्र निरस्त करने की भी शिकायत किया है। प्रकरण मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के सतैनी गांव का है।

सतैनी गांव की रहने वाली निशा देवी ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह आंगनबाडी कार्यकर्ती पद की अभ्यर्थी है। परिवार दिहाडी मजदूरी कर जीवन-यापन करता है। उसे मुख्यमंत्री आवास योजना का भी लाभ मिला है। निशा देवी का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान तीन बार उसके आय प्रमाण पत्र की जांच की गई और हर बार वह सही पाया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी स्तर पर भी अभिलेखों की जांच कराई गई। जिसमें कोई आपत्ति नहीं मिली। निशा देवी का आरोप है कि सारे दस्तावेज सही होने के बाद भी सीडीपीओ मार्टिनगंज ने दो लाख रूपये की मांग किया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसनेे रकम देने से मना कर दिया। निशा देवी का आरोप है कि इसके बाद तहसीलदार और सीडीपीओ की मिलीभगत से जांच रिपोर्ट तैयार कराकर उनका आय प्रमाण-पत्र निरस्त करा दिया गया, जिससे उनकी अभ्यर्थिता प्रभावित हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नियमों के अनुरूप पात्र न होने वाले तीसरे क्रम के अभ्यर्थी के चयन के लिए तीन लाख रुपये की लेन-देन की गई। पीडिता निशा देवी ने पूरे प्रकरण की जांच करा कर नियमानुसार कार्रवाई करने व न्याय दिलाए जाने की मांग किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *