
हरिऔध कला केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण में अधिकारियों को समयबद्ध, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के दिए गए निर्देश
आजमगढ़। जनपद के हरिऔध कला केंद्र में शुक्रवार को जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) के कार्य के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य है तथा जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के निर्माण में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का अध्ययन कर निर्धारित समय-सीमा में शुद्धता, गुणवत्ता और गंभीरता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण किसी भी कार्य के सफल क्रियान्वयन की आधारशिला है। इसके माध्यम से नई प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं की जानकारी मिलती है, इसलिए सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।
प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के विभिन्न अध्यायों के संकलन, आंकड़ों के स्रोत, डेटा संकलन की प्रक्रिया, अभिलेखों के सत्यापन तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर समस्त उप जिला जनगणना अधिकारी, तहसीलदार, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी (चार्ज अधिकारी), जनगणना बाबू, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (NIC), अपर जिला जनगणना अधिकारी सहित जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।