
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव बाजार स्थित एक फूड प्वाइंट रेस्टोरेंट में शुक्रवार को पुलिस ने छापेमारी कर संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद कई लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट संचालक सहित दो पुरुषों और दो युवतियों को थाने ले जाया गया। पूछताछ के बाद दो युवतियों को छोड़ दिया गया, जबकि अन्य लोगों से पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, एक अज्ञात महिला ने फोन कर रेस्टोरेंट में आपत्तिजनक गतिविधियां होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट संचालक सहित कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
स्थानीय लोगों का दावा है कि पुलिस के पहुंचने के दौरान दो युवक मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद सठियांव बाजार में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। उनका मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर प्रभावी निगरानी और नियमित जांच से ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिचंद चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।