बाढ़ के बाद बीमारियों ने बढ़ाई परेशानी, निशुल्क चिकित्सा शिविर में 500 मरीजों का उपचार

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


कुड़ही ढाला पर प्रयास सामाजिक संगठन का शिविर, अधिकांश मरीज चर्म रोग से पीड़ित मिले

देवारा में हर साल बाढ़ के बाद फैलती बीमारियों के बीच प्रयास संगठन ने संभाला मोर्चा, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर दी निशुल्क दवाएं हिंदी न्यूज़ 24

आजमगढ़। देवारा क्षेत्र में बाढ़ के बाद होने वाली बीमारियों से परेशान लोगों को राहत देने के लिए प्रयास सामाजिक संगठन की ओर से महाराजगंज ब्लॉक के कुड़ही ढाला पर निशुल्क चिकित्सा सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों की टीम ने करीब 500 मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया। जांच के दौरान अधिकांश मरीज चर्म रोग से पीड़ित पाए गए।
प्रयास सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि देवारा क्षेत्र में प्रतिवर्ष बाढ़ के बाद जलभराव और अन्य परिस्थितियों के कारण विभिन्न तरह की बीमारियां बढ़ जाती हैं। इससे बाढ़ पीड़ित परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों की जरूरतों को देखते हुए संगठन की ओर से लगातार स्वास्थ्य सेवा शिविर लगाए जाते हैं।
कुड़ही ढाला पर आयोजित शिविर में डॉ. कामरान फैजी, डॉ. मोइन खान, डॉ. अमर यादव, डॉ. फैजान खान, डॉ. मनोज यादव, डॉ. बृजराज प्रजापति, डॉ. रमेश वैद्य, डॉ. संदीप गुप्ता और डॉ. रामकेश राजभर समेत चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच की। करीब 500 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को बीमारी से बचाव और साफ-सफाई के संबंध में भी आवश्यक सलाह दी।
प्रयास सामाजिक संगठन के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि ‘सेवा परमो धर्म’ को संगठन ने अपना मूल मंत्र बनाया है। प्रयास के साथी प्रभु की प्रेरणा और समाज के सहयोग से जरूरतमंदों की सेवा के लिए लगातार काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यवस्था के लिए सरकार पर निर्भर रहने के बजाय समाज के लोग भी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं, इसी सोच के साथ संगठन सेवा कार्य कर रहा है। भविष्य में भी इस तरह के चिकित्सा और राहत कार्य जारी रखे जाएंगे।
शिविर में बाढ़ पीड़ितों की ओर से राजीव मिश्रा, देवरांचल उत्थान के हरकेश यादव, देवारा विकास सेवा समिति के प्रतिनिधि, प्रयास के अरविंद कुमार, हरेंद्र यादव सहित प्रयास की देवारा इकाई और केंद्रीय इकाई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *