
आईटीआई परिसर में लगा रोजगार मेला, दो निजी कंपनियों ने किया चयन प्रक्रिया का आयोजन
आजमगढ़। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) आजमगढ़ परिसर में शुक्रवार को आयोजित रोजगार मेले में कुल 117 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 111 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया।
रोजगार मेले का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं सेवायोजन कार्यालय, आजमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। मेले में हीरो मोटोकॉर्प (राजस्थान) और यूगुना इंडस्ट्रीज (पटना, बिहार) ने प्रतिभाग किया।
साक्षात्कार और लिखित परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इनमें हीरो मोटोकॉर्प ने 79 तथा यूगुना इंडस्ट्रीज ने 32 अभ्यर्थियों का चयन किया।
कार्यक्रम में आईटीआई के प्रधानाचार्य दीपक कुमार यादव, प्लेसमेंट प्रभारी संजीत बेरा, अनुदेशक फतेहबहादुर वर्मा, सुशील कुमार राय, विजय प्रताप, राजेश कुमार यादव सहित संस्थान के कर्मचारियों ने सहयोग किया।