
उधार दिए 1.75 लाख रुपये लौटाने की मांग को लेकर किया विरोध
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा–सरायमीर मार्ग पर रुपये के विवाद से परेशान एक युवक पेड़ से लटककर विरोध प्रदर्शन करने लगा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे चौकी प्रभारी फरिहा चित्रांशु मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
युवक की पहचान फरहान पुत्र समीम अहमद, निवासी चकिया (वर्तमान में अपने ननिहाल में रह रहा) के रूप में हुई। फरहान का आरोप है कि उसके दिवंगत मामू ने फरिहा निवासी तैय्यब को 1.75 लाख रुपये दिए थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद धनराशि वापस नहीं की गई।
फरहान का कहना है कि वह कई बार अपने रुपये की मांग कर चुका है, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया। इसी से आहत होकर उसने पेड़ की ऊपरी डाल पर अपने पैर रस्सी से बांधकर नीचे लटकते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले के समाधान और बकाया धनराशि के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से संभावित बड़ा हादसा टल गया।