आजमगढ़ में भक्ति के रंग में रंगा शहर, दो भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्राओं में उमड़ा जनसैलाब

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरीशंकर घाट और कदम घाट से निकलीं दो भव्य रथयात्राएं, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़


जय जगन्नाथ’ के जयघोष और हरिनाम संकीर्तन से दिनभर गूंजता रहा आजमगढ़


इस्कॉन और पारंपरिक समिति की रथयात्राओं ने शहर को भक्ति के रंग में रंगा


बैंड-बाजे, आकर्षक झांकियां और छप्पन भोग ने बढ़ाई रथयात्रा की भव्यता


रथ खींचने और सेवा-भाव में बढ़-चढ़कर शामिल हुए श्रद्धालु


आजमगढ़। भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार को पूरा आजमगढ़ शहर भक्तिरस में सराबोर हो गया। एक ओर इस्कॉन (ISKCON) आजमगढ़ की ओर से गौरीशंकर घाट से भव्य रथयात्रा निकाली गई, वहीं दूसरी ओर कदम घाट से पारंपरिक श्रीजगन्नाथ रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली। दोनों यात्राओं में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही और पूरा शहर “जय जगन्नाथ” के जयघोष, हरिनाम संकीर्तन एवं भक्ति गीतों से गूंज उठा।
इस्कॉन द्वारा आयोजित रथयात्रा का शुभारंभ गौरीशंकर घाट पर विधि-विधान से भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के पूजन, आरती एवं छप्पन भोग अर्पण के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर रस्सियां खींचते हुए नगर भ्रमण कराया। रथ के आगे भक्त झाड़ू लगाकर सेवा और समर्पण का संदेश देते नजर आए।
यात्रा में इस्कॉन जुहू (मुंबई) से आए भक्तों की टोली ने हरिनाम संकीर्तन और भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मातृशक्तियों द्वारा चंवर सेवा, हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों ने रथयात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।
रथयात्रा गौरीशंकर घाट से दलाल घाट, पुरानी कोतवाली, मुख्य चौक, शंकर जी की मूर्ति और पुरानी सब्जी मंडी होते हुए पंचशील मैरिज लॉन पहुंची। यहां जगन्नाथपुरी से पधारे हृषीकेश प्रभु ने भगवान श्रीजगन्नाथ की महिमा पर प्रेरणादायी प्रवचन दिया। इसके बाद संकीर्तन, आरती, छप्पन भोग एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
उधर कदम घाट से निकली पारंपरिक श्रीजगन्नाथ रथयात्रा भी श्रद्धा और उत्साह का केंद्र रही। बैंड-बाजों, रोड लाइट और आकर्षक झांकियों के साथ निकली इस यात्रा में मार्ग भर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यात्रा कदम घाट से पुरानी कोतवाली, मुख्य चौक, मातबरगंज, पुरानी सब्जी मंडी, कटरा और पांडेय बाजार होते हुए पुनः मुख्य चौक पहुंची।
पूरे मार्ग में भगवान श्रीजगन्नाथ के भक्ति गीत गूंजते रहे और जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया। दोनों रथयात्राओं ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक एकता और सेवा-भाव का अद्भुत संदेश देते हुए पूरे शहर को भक्ति के रंग में रंग दिया। गुरुवार को आजमगढ़ की सड़कें श्रद्धालुओं की भीड़ और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंजती रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *