निर्माण श्रमिकों को रोजगार और योजनाओं से जोड़ेगा ‘BOCW डिजिटल लेबर चौक’ मोबाइल ऐप

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

अब मोबाइल ऐप से मिलेगा काम और योजनाओं का लाभ, निर्माण श्रमिकों के लिए लॉन्च हुआ BOCW डिजिटल लेबर चौक ऐप

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने निर्माण श्रमिकों को सरकारी योजनाओं एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए BOCW Digital Labour Chowk Mobile App विकसित किया है। सहायक श्रम आयुक्त, आजमगढ़ ने बताया कि यह ऐप श्रमिकों और नियोजकों के बीच डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा, जिससे रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्राप्त करना आसान होगा।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिक इस ऐप पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं बिल्डर, ठेकेदार, निर्माण एजेंसियां और अन्य नियोजक भी पंजीकरण कर अपनी आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षित एवं पंजीकृत श्रमिकों की तलाश कर सकेंगे। इससे श्रमिकों को रोजगार मिलने में सुविधा होगी और नियोजकों को भी योग्य श्रमिक आसानी से उपलब्ध होंगे।
यह ऐप एंड्रॉयड मोबाइल पर उपलब्ध है और डिजिटल लेबर मार्केट के रूप में कार्य करेगा, जहां श्रमिक अपनी उपलब्धता दर्ज करेंगे तथा नियोजक सीधे उनसे संपर्क स्थापित कर सकेंगे। इसके माध्यम से श्रमिक उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ पात्रता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे।
सहायक श्रम आयुक्त ने जनपद के सभी निर्माण श्रमिकों, बिल्डरों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों, श्रमिक संगठनों एवं आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में BOCW Digital Labour Chowk Mobile App का उपयोग करें तथा अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों का पंजीकरण कराकर इस डिजिटल पहल को सफल बनाएं। उनका कहना है कि इससे सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पात्र श्रमिकों तक पहुंच सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *