बीएसएनएल कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, सातवें वेतनमान की मांग को लेकर लंच पीरियड में प्रदर्शन

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


सातवें वेतनमान की मांग को लेकर बीएसएनएल कर्मचारियों का प्रदर्शन

22 जुलाई से तीन दिवसीय धरने और 27 जुलाई को ट्विटर अभियान की चेतावनी

आजमगढ़। जनपद मुख्यालय स्थित सी-डॉट परिसर में गुरुवार को बीएसएनएल एम्प्लॉइज यूनियन के नेतृत्व में कर्मचारियों और अधिकारियों ने सातवें वेतनमान की मांग को लेकर लंच पीरियड के दौरान प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कर्मचारियों ने सरकार और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


बीएसएनएल एम्प्लॉइज यूनियन के सहायक महासचिव आनंद कुमार सिंह ने कहा कि बीएसएनएल के कर्मचारियों और अधिकारियों को अब तक सातवें वेतनमान का लाभ नहीं मिला है, जिससे सभी में भारी असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार सरकार और प्रबंधन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। क्रांति संगठन मंत्री सुनील कुमार उपाध्याय ने कहा कि कर्मचारियों की मांग पूरी तरह जायज है और सभी को सातवें वेतनमान का लाभ मिलना चाहिए। वहीं, सहायक जिला सचिव प्रशांत कुमार यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो 22 जुलाई 2026 से तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 27 जुलाई को ट्विटर (एक्स) अभियान चलाकर देशव्यापी स्तर पर अपनी आवाज बुलंद की जाएगी।
प्रदर्शन में सुनील कुमार सिंह, परमेश्वर शाह, संतोष कुमार सिंह, बालमुकुंद यादव, हरकेश यादव, पी.एन. सिंह, हरिदास राय, किस्मती देवी, संतोष श्रीवास्तव, विजय कुमार और अविनाश मौर्य सहित अनेक कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *