
नए मकान के बेसमेंट में बोर्ड ठीक करते समय हुआ हादसा, मौके पर ही झुलसकर तोड़ा दम
बलरामपुर। बरदह थाना क्षेत्र के शादीपुर गांव में शुक्रवार सुबह बिजली का बोर्ड ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से इलेक्ट्रिशियन सर्वेश गुप्ता (35) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नए मकान की कर रहे थे साफ-सफाई
शादीपुर गांव निवासी सर्वेश गुप्ता इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे। शुक्रवार सुबह वह अपने नए मकान की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वह मकान के बेसमेंट में लगे बिजली के बोर्ड को ठीक करने लगे। बोर्ड ठीक करते समय अचानक वह करंट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। सर्वेश को मृत देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीन भाइयों में सबसे छोटे थे सर्वेश
सर्वेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी पिंकी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।