
गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में चल रहे थे वांछित, आजमगढ़ के साथ वाराणसी और भदोही तक फैला है गैंग का नेटवर्क
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। तरवां पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले में वांछित चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भदोही जिले के कोईरौना थाना क्षेत्र के झरिहंगपुर निवासी सुमित यादव (23) और मन्नीपुर निवासी प्रदुम्मन यादव (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों जामवन्त यादव उर्फ जमुना गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। इस गैंग का आपराधिक नेटवर्क आजमगढ़ के अलावा वाराणसी और भदोही तक फैला हुआ है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी वाराणसी के मिर्जामुराद थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित थे। गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन दोनों पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहे थे। इसके बाद एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने छह सितंबर 2026 को दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
शनिवार को थानाध्यक्ष तरवां राजीव सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान तरवां-मेहनाजपुर सीमा पर पुलिया के पास ग्राम नूरपुर/भंवरपुर क्षेत्र में सुबह करीब 9:35 बजे पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों से संबंधित मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
विवेचना में सामने आए थे दोनों के नाम
पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल 2025 को मिर्जामुराद थाने में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान जामवन्त यादव उर्फ जमुना, सुमित यादव और प्रदुम्मन यादव के नाम प्रकाश में आए थे। इसके बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई। विवेचना पूरी करने के बाद आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया।
जामवन्त पर 32 मुकदमे, हीरालाल पर चार मामले
पुलिस के अनुसार गैंग के प्रमुख सदस्य जामवन्त यादव उर्फ जमुना के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, अवैध असलहा और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गैंग के दूसरे सदस्य हीरालाल यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और एससी/एसटी एक्ट समेत चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। जामवन्त यादव और हीरालाल यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।