स्कूल बस से टकराई बाइक, युवक की मौत, टाइल्स मिस्त्री गंभीर

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


जीयनपुर के दाउदपुर निवासी 26 वर्षीय मुकेश राजभर की मौके पर गई जान, घायल को सीएचसी लाटघाट से सदर अस्पताल किया गया रेफर
घर बनवा रहा था मृतक, निर्माण कार्य के लिए टाइल्स लेने जाते समय हुआ हादसा; मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल

हिंदी न्यूज़ 24
सगड़ी/आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में सेंट जेवियर्स स्कूल के पास मंगलवार को स्कूल बस और बाइक की टक्कर में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार टाइल्स मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट से प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दाउदपुर गांव निवासी मुकेश राजभर (26) पुत्र विक्रम राजभर, टाइल्स मिस्त्री मानिकचंद चौहान (40) पुत्र डेभा चौहान निवासी टीमल पट्टी, ग्राम पंचायत जोगियाबीर के साथ टाइल्स लेने के लिए जीयनपुर के पास सेंट जेवियर्स स्कूल के समीप जा रहा था। इसी दौरान लाटघाट की तरफ से आ रही स्कूल बस परिसर के अंदर जा रही थी। इसी बीच बाइक बस से टकरा गई। हादसे में मुकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मानिकचंद गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायल को सीएचसी लाटघाट पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
घर बनवा रहा था मुकेश, परिवार में मचा कोहराम
मुकेश दिल्ली में रहकर निजी नौकरी करता था। इन दिनों वह गांव आया हुआ था और अपने घर का निर्माण करा रहा था। घर में टाइल्स लगवाने के लिए ही वह मिस्त्री के साथ टाइल्स लेने निकला था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। मुकेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका छोटा भाई रामकेश इजराइल में एक कंपनी में नौकरी करता है। मृतक की चार बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटी हैं। मां सेवती देवी सहित परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जीयनपुर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *