
नीबी खुर्द घाट पर मचा हड़कंप, गले में मिला लॉकेट, पहचान में जुटी मुबारकपुर पुलिस
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नीबी खुर्द गांव स्थित तमसा नदी में गुरुवार दोपहर करीब 32 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बहता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घाट पर स्नान और मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे ग्रामीणों ने शव को नदी में बहता देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस की तलाशी के दौरान मृतक के गले से एक लॉकेट बरामद हुआ। मृतक ने गुलाबी रंग की टी-शर्ट और काले रंग का नेकर पहन रखा था।
पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। आवश्यक पंचनामा एवं अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मर्चरी हाउस भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने क्या कहा?
मुबारकपुर थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि तमसा नदी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।