
23 पदक जीतकर 12 खिलाड़ियों ने जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बनाई जगह
आजमगढ़। 70वीं माध्यमिक तहसील स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में कैफ़ी आज़मी स्पोर्ट्स अकादमी, मेजवां के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 23 पदक अपने नाम किए। अकादमी ने 13 स्वर्ण, 8 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर अकादमी के 12 खिलाड़ियों का चयन जनपद स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो 3 अगस्त को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आज़मगढ़ में आयोजित होगी।
इस सफलता का श्रेय अकादमी के बैडमिंटन कोच नीरज गौड़ के समर्पित प्रशिक्षण, अनुशासित मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत को दिया जा रहा है।

प्रतियोगिता के दौरान फूलपुर तहसील क्रीड़ा प्रभारी मनोज पाल, हरेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद कुमार शर्मा, लालधारी यादव, दीपक यादव तथा मेजवां वेलफेयर सोसाइटी की सीईओ गुरजीत कौर, सीनियर मैनेजर सलीम खान, संयोगिता प्रजापति, डेप्युटी मैनेजर मनोज कुमार प्रजापति, पंकज चौबे एवं दशरथ यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों और कोच नीरज गौड़ को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि खिलाड़ी आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद और संस्था का नाम रोशन करेंगे।