पुलिस लाइन में गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’ जयघोष

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


डीएम और एसएसपी ने विधि-विधान से की श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना, मध्यरात्रि में जन्म लेते ही भक्ति में डूबा परिसर

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आई। मंदिर परिसर में श्रद्धा और हर्षोल्लास के बीच श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम होते ही भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा माहौल कृष्णमय हो गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। दोनों अधिकारियों ने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।


बच्चों ने प्रस्तुत कीं कृष्ण की बाल लीलाएं
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों और अन्य प्रतिभागियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं और विभिन्न प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मनमोहक प्रस्तुतियों ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्ति और उत्साह से भर गया।


मध्यरात्रि में गूंजे जयकारे
रात्रि में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का इंतजार भक्तिभाव के साथ करते रहे। मध्यरात्रि में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, मंदिर परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती कर जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।


पुलिस परिवार ने साझा कीं पर्व की खुशियां
पुलिस परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे के साथ जन्माष्टमी की खुशियां साझा कीं। आयोजन ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल में एक साथ पर्व मनाने का अवसर दिया।
जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिसकर्मियों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना और आरती की। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *