

भाजपा गोरखपुर क्षेत्र में मिली नई जिम्मेदारी, आवास पर जुटे कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर बांटी मिठाई
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कृष्ण किशन सिंह उर्फ किशन भैया को जन्माष्टमी के अवसर पर भाजपा गोरखपुर क्षेत्र का क्षेत्रीय कार्य समिति सदस्य मनोनीत किए जाने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। मनोनयन की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके कालीचौरा स्थित आवास पर पहुंचे और ढोल-नगाड़ों के बीच उनका स्वागत किया।
समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। फूल-मालाओं से किशन भैया का स्वागत करने के साथ ही कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
बोले- नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरने का करेंगे प्रयास
भव्य स्वागत से अभिभूत किशन भैया ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि संगठन ने उनकी राजनीतिक यात्रा पर विश्वास जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रभारी के तौर पर मिले अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जब भी उन्हें दूसरे प्रदेशों में जिम्मेदारी दी, वहां कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की ताकत से पार्टी को सफलता मिली। शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत लगाने का दावा
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पार्टी को प्रचंड बहुमत दिलाने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश विकास और सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में योगदान देने की बात कही। कहा कि संगठन की ओर से मिलने वाली जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया जाएगा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
स्वागत कार्यक्रम में डॉ. पवन मिश्र, सिंटू राय, राजा सर्वेश तिवारी, समर सिंह, निखिल मोनू जायसवाल, उदय प्रताप सिंह रिशु, सौरभ सिंह, पवन सिंह नीलकंठ, प्रशांत राय रिंकू, राहुल भूषण, रंजीत सिंह, आयुष मिश्रा, इंद्रपाल सिंह, अश्वनी मिश्रा, सत्या बरनवाल, आलोक श्रीवास्तव, सूर्य प्रकाश एसपी, मनीष सिंह, बृजेश चौरसिया, चंद्रशेखर सिंह, कृष्ण कांत सिंह बब्बन, अमित जायसवाल, मृगांक शेखर, नीरज सिंह, अविनाश गोंड, विवेकानंद सिंह, विवेक सिंह और शौर्य कौशिक समेत दर्जनों समर्थक मौजूद रहे।