
जिबली में बने हेलीपैड पर दोपहर 3:40 बजे पहुंचने का कार्यक्रम, शाम 4:10 बजे हेलीकॉप्टर से वाराणसी होंगे रवाना
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार, पांच सितंबर को आजमगढ़ के संक्षिप्त दौरे पर आएंगे। प्राप्त प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री गोरखपुर से रवाना होकर दोपहर करीब 3:40 बजे बरदह थाना क्षेत्र के जिबली गांव में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे।
हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के आवास पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 3:45 से 4 बजे तक विनोद राय की माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान वह शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना भी व्यक्त करेंगे।
4:10 बजे वाराणसी के लिए होंगे रवाना
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री वापस जिबली स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। प्रोटोकॉल के मुताबिक शाम 4:10 बजे हेलीकॉप्टर से वाराणसी के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री का आजमगढ़ दौरा करीब आधे घंटे का रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस स्तर पर तैयारियां की गई हैं। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों की ओर से कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की तैयारी की जा रही है।