
‘देश बचाओ, भविष्य बनाओ’ बैनर तले अनोखा प्रदर्शन, सेवा के जरिए शिक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की नीतियों के विरोध में शुक्रवार को शहर में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया गया। ‘देश बचाओ, भविष्य बनाओ’ के बैनर तले कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर जुटे प्रदर्शनकारियों ने पहले बेजुबान जीवों को भोजन कराया। इसके बाद ‘यूजीसी गो बैक’ के नारे लगाकर शिक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। सेवा कार्य के साथ विरोध का यह तरीका लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
सेवा के जरिए दिया जागरूकता का संदेश
प्रदर्शन के दौरान आलोक सिंह ने कहा कि बेजुबान जीवों को भोजन कराने के पीछे समाज को संदेश देने का प्रयास है। एक आवाज पर सैकड़ों बेजुबान भोजन के लिए एकत्र हो जाते हैं, लेकिन शिक्षा और भविष्य जैसे गंभीर मुद्दों पर समाज को अभी और जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से शिक्षा व्यवस्था को बेहतर और जवाबदेह बनाने के लिए अपनी आवाज उठाने की अपील की।
समाजसेवी डीएन सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखना केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी इसमें भूमिका है। प्रदर्शन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों को लोकतांत्रिक तरीके से सामने रखना है।
युवाओं के भविष्य को लेकर जताई चिंता
मीना राय ने कहा कि सेवा और जनजागरूकता को जोड़कर विरोध का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने युवाओं के भविष्य और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर लोगों से सजग रहने की अपील की।
प्रदर्शन में देवनाथ सिंह, ओंकार पाठक, माधुरी त्रिपाठी, वर्षम सिंह, संतोष सिंह, युवराज सिंह, राहुल सिंह, अवनीश, गुलाब चौरसिया, अनूप सिंह और ओमशी बरनवाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।