
स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें गर्भवती महिलाएं, नियमित जांच और टीकाकरण पर दें ध्यान : डॉ. खुशबू सिंह
आजमगढ़। रमा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मंगलवार को नगर के नरौली स्थित रमा मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में 84 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ एमडी डॉ. खुशबू सिंह ने गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है, ऐसे में गर्भवती महिलाएं अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें। नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहें और किसी भी परेशानी पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से नवजात के टीकाकरण पर भी विशेष ध्यान देने और चिकित्सक की सलाह के अनुसार सभी जरूरी टीके लगवाने की अपील की। संक्रमण से बचाव के लिए भी सावधानी बरतने को कहा।
रमा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंधक डॉ. अमित सिंह ने कहा कि ट्रस्ट उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं को बेहतर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है।
हॉस्पिटल के व्यवस्थापक अविनाश सिंह ने बताया कि प्रत्येक माह के पहले मंगलवार को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अस्पताल में हाईटेक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
शिविर में गौरव सिंह, मनीष सिंह, मोनू सिंह, दीपक सिंह, विकास, नागेंद्र मौर्य, सीमा, अनिता, गीता समेत अस्पताल का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।