
25 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदेशभर के कर्मचारी करेंगे सत्याग्रह, विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। वेतन-भत्तों में वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर दीवानी न्यायालय के कर्मचारियों ने गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकाली। कर्मचारियों ने यात्रा के माध्यम से अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
इस दौरान कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को प्रदेशभर के कर्मचारी लखनऊ में एकत्र होकर सत्याग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर शासन स्तर से ठोस पहल किए जाने की आवश्यकता है।
कर्मचारी संघ की प्रमुख मांगों में फास्ट ट्रैक अदालतों के कर्मचारियों के वेतन में प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि, अप्रेंटिस पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को कनिष्ठ सहायक के पद पर समायोजित करने तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पद को पुनः बहाल करने की मांग शामिल है।
गांधी जयंती के अवसर पर निकाली गई तिरंगा यात्रा में कर्मचारियों ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। यात्रा के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई और आगामी आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में अरविंद सिंह, आशुतोष सिंह, अभिषेक सिंह, नवीन श्रीवास्तव, त्रिशांत सोनकर, पारसनाथ यादव, घनश्याम गुप्ता, सुनीता सिंह, सीमा सिंह, अमरेश सिंह, संजीव उपाध्याय, दिनेश सिंह, बृजेंद्र श्रीवास्तव, दिव्यांश तिवारी, पुष्पा यादव, अनिल यादव, शिवाकांत यादव, हवलदार यादव, पीयूष बर्नवाल समेत बड़ी संख्या में न्यायालय कर्मचारी शामिल रहे।