युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


तहबरपुर के नैपुरा गांव का मामला, पिता की तहरीर पर नीरज यादव, अमन और रूपेश यादव नामजद

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र में करीब 20 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार मुकदमा पंचम यादव निवासी नैपुरा की तहरीर पर दर्ज किया गया है।
पंचम यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री 19 सितंबर 2026 को गांधी इंटर कॉलेज, नैपुरा में पढ़ने गई थी। आरोप है कि वहां से कीरतपुर निवासी नीरज यादव, पुत्र श्यामराज यादव, उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया।
तहरीर में पिता ने आरोप लगाया है कि युवती घर में रखे 10 हजार रुपये तथा कान की बालियां, सोने की मांग टीका भी अपने साथ ले गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नीरज यादव के साथ कीरतपुर निवासी अमन पुत्र राजाराम और रूपेश यादव निवासी उकरौड़ा भी युवती को भगाने में मुख्य रूप से शामिल थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक तहबरपुर थाने में यह एफआईआर 2 अक्टूबर 2026 को शाम 6:53 बजे दर्ज की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 और 61(2) के तहत कार्रवाई की गई है। विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक अंबिका प्रसाद साहनी को सौंपी गई है।
एफआईआर में पुलिस ने नीरज यादव, अमन और रूपेश यादव को नामजद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवती के संबंध में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *