जमानत के बाद आरोपी के सत्यापन में लापरवाही, रानी की सराय इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश, पुलिस लाइन से राजीव कुमार सिंह बने रानी की सराय प्रभारी निरीक्षक

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने रानी की सराय थाना प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सभी के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
निलंबित पुलिसकर्मियों में थाना रानी की सराय के प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय, उप निरीक्षक गिरीश तिवारी, उप निरीक्षक हैदर अली मंसूरी और थाना निजामाबाद में तैनात आरक्षी वैभव पटेल शामिल हैं।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना निजामाबाद में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 06/2026, धारा 123 और 351(2) बीएनएस से संबंधित प्रकरण में शिकायत के निस्तारण, अभियुक्त के संबंध में अपेक्षित पुलिस कार्रवाई और सत्यापन में लापरवाही सामने आई थी।
जमानत के बाद नहीं हुआ समय से सत्यापन
बताया गया कि संबंधित मुकदमे में अभियुक्त के जमानत पर रिहा होने के बाद उसके संबंध में आवश्यक सत्यापन किया जाना था। इसके साथ ही सत्यापन से संबंधित सूचना को यक्ष ऐप पर अपलोड किया जाना अपेक्षित था। आरोप है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत यह कार्रवाई समय से नहीं की गई।
पुलिस के मुताबिक, जमानत पर बाहर आने के बाद उक्त अभियुक्त द्वारा शिकायतकर्ता को धमकी दिए जाने और कथित रूप से फर्जी आईडी बनाकर फोटो व वीडियो वायरल किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई। इसके बाद पूरे मामले की समीक्षा की गई।
समीक्षा में सामने आई लापरवाही
समीक्षा के दौरान अभियुक्त के संबंध में आवश्यक सूचना और सत्यापन की कार्रवाई समय से नहीं किए जाने की बात सामने आई। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारी की भूमिका की समीक्षा कराई।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता और अकर्मण्यता पाए जाने पर चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
राजीव कुमार सिंह बने रानी की सराय प्रभारी
कार्रवाई के साथ ही राजीव कुमार सिंह को पुलिस लाइन से रानी की सराय थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। चारों निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और जिम्मेदारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने दी सख्त हिदायत
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने विशेष रूप से अभियुक्तों के सत्यापन, जमानत के बाद उनकी निगरानी तथा संबंधित अभिलेखों और ऐप पर आवश्यक सूचनाओं को समयबद्ध तरीके से दर्ज करने में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने को कहा है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन और उत्तरदायित्व के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कर्तव्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता अथवा अकर्मण्यता सामने आने पर संबंधित पुलिस अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *