दुर्वासा धाम में श्रद्धा के साथ मनाया गया विश्व नदी दिवस, 29 अक्टूबर से निकलेगी तमसा बचाओ यात्रा

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


तमसा-मंजूषा संगम पर हुआ नदी पूजन और भव्य आरती, पर्यावरण प्रेमियों ने लिया नदियों के संरक्षण का संकल्प

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। पवित्र दुर्वासा धाम स्थित तमसा-मंजूषा के संगम तट पर रविवार को गंगा समग्र की ओर से विश्व नदी दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नदी पूजन और भव्य आरती की गई। इस दौरान नदियों के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
श्री श्री 108 दुर्वासा महामंडलेश्वर शुभम दास महाराज ने तमसा-मंजूषा संगम पर विधि-विधान से नदी पूजन कराया और आरती संपन्न कराई। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नदियों को केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि मां और देवी का दर्जा दिया गया है। नदियों का संरक्षण हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी है।
गंगा समग्र आर्यमगढ़ के विभाग संरक्षक सुभाष चंद्र तिवारी कुंदन ने उपस्थित लोगों को नदियों के संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नदियां मानव जीवन का आधार हैं। इनके अस्तित्व के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से नदियों की सफाई और उनके पुनरुद्धार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
29 अक्टूबर से शुरू होगी तमसा बचाओ यात्रा
गोरक्ष प्रांत के सह-संयोजक अजय कुमार राय ने बताया कि पौराणिक तमसा नदी के संरक्षण और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से 29 अक्टूबर से दुर्वासा धाम से तमसा बचाओ यात्रा का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी में कूड़ा-कचरा और सिंगल यूज प्लास्टिक न डालें तथा नदी को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
कार्यक्रम का संचालन फूलपुर संयोजक रासबिहारी सिंह ने किया। सहसंयोजक बलराम तिवारी ने सभी के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर आर्यमगढ़ जिला संयोजक महंत संजय कुमार पांडेय, हाकिम बाबा, दुर्वेश्वरानंद महाराज, ओमप्रकाश यादव, नीरज गिरि, कुलबुल सिंह, श्रीनिवास राय, जयप्रकाश तिवारी, श्रवण कुमार, सुनील राय, सीपी पांडेय, गिरिजानंद गिरि, लालजी गिरि, अनूप पांडेय, संगम पांडेय सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *