
करतालपुर तिराहे पर यातायात पुलिस ने की कार्रवाई, बस सीज और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। करतालपुर तिराहे के पास गुरुवार को शराब के नशे में स्कूली छात्र-छात्राओं को बस से ले जा रहे चालक को यातायात पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने बच्चों को दूसरे वाहन से सुरक्षित उनके घर पहुंचाया। वहीं, एआरटीओ की मौजूदगी में बस को सीज कर दिया गया और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर को स्कूल बस संख्या UP50ET4703 के चालक द्वारा शराब के नशे में छात्र-छात्राओं को ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर निरीक्षक यातायात पुलिस बल के साथ तत्काल करतालपुर तिराहे पर पहुंचे। जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि होने पर बच्चों को बस से उतारकर संबंधित विद्यालय के दूसरे वाहन से सुरक्षित उनके घर भेजा गया।
इसके बाद मौके पर एआरटीओ आजमगढ़ को बुलाया गया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालक का ड्रंक एंड ड्राइव में चालान किया गया। साथ ही उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराया गया। स्कूल बस को भी सीज कर थाना कंधरापुर परिसर में निरुद्ध कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि संबंधित शिक्षण संस्थान के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजी गई है। घटना के बाद स्कूली वाहनों की सुरक्षा और चालकों की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठे हैं।