सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में हर्षोल्लास से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

आजमगढ़ आजमगढ़ शहर


राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में येलो हाउस रहा प्रथम

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। एलवल स्थित सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों, भजन, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय, सीएओ साक्षी बिसेन, उप-प्रधानाचार्य संजय कुमार पाण्डेय तथा को-ऑर्डिनेटर धीरेन्द्र भारद्वाज एवं मोना सिंह ने संयुक्त रूप से भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष पूजन एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी श्रीकृष्ण और राधा के रूप में सजकर पहुंचे। उनके मनमोहक रूप ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने भजन, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी लीलाओं को जीवंत किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। विद्यालय के चारों हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साह, उमंग और टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। मटकी फोड़ने के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और ‘जय श्रीकृष्ण’ तथा ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। प्रतियोगिता में येलो हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *