
30 महीनों में 5,416 मोबाइल बरामद कर मालिकों को किए सुपुर्द, उत्कृष्ट कार्य करने वाली थाना टीमों को मिला प्रशस्ति पत्र
आजमगढ़। आजमगढ़ पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बरामद किए गए 394 एंड्रॉयड मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 91 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। फरवरी 2024 से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 5,416 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12.95 करोड़ रुपये है, बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 1,779 मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत 4.26 करोड़ रुपये) बरामद कर संबंधित स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं।मोबाइल बरामदगी अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली थाना टीमों को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
मोबाइल बरामदगी में टॉप फाइव में शामिल रहे ये थाने
मुबारकपुर – 440 मोबाइल
निजामाबाद – 373 मोबाइल
जहानागंज – 370 मोबाइल
रौनापार – 315 मोबाइल
बरदह – 313 मोबाइल
आजमगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे बरामदगी की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जा सके।