
सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे नगर पंचायत अध्यक्ष मंशा राम, दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र में नगर पंचायत बूढ़नपुर के चेयरमैन मंशा राम से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे चेयरमैन को अकेला पाकर चार लोगों ने घेर लिया और दो लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर हत्या की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चेयरमैन मंशा राम पुत्र स्वर्गीय रामअवतार की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 22 अक्टूबर 2026 को वह वार्ड नंबर 13 स्थित शेरवा की निषाद बस्ती में सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान कथित रूप से रतन पाल यादव पुत्र स्वर्गीय रामअचल यादव निवासी बूढ़नपुर (पांडेय का पूरा) और सूरज वर्मा पुत्र रमेश वर्मा निवासी ग्राम शेरवा, थाना अतरौलिया अपने दो अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंच गए।
आरोप है कि चारों लोगों ने चेयरमैन को पकड़ लिया और उनसे दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर किसी दिन हत्या कर देने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता भी की।
तहरीर के अनुसार, चेयरमैन मंशा राम ने जब शोर मचाया तो आसपास के लोग और उनके प्रतिनिधि गुडलक सिंह मौके की तरफ दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी कथित तौर पर रुपये देने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
चेयरमैन ने अपनी शिकायत में नामजद आरोपियों को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए उनके खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज होने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद 31 अक्टूबर 2026 को उन्होंने अतरौलिया थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।