वंदे भारत ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने दी जान, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकला था शिवम यादव, 16 महीने पहले हुई थी शादी, मौत की खबर से मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
मार्टिनगंज के तिलक नगर बदलू पूरा का निवासी था 24 वर्षीय युवक, जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला शव

हिंदी न्यूज़ 24
बरदह/आजमगढ़। मार्टिनगंज नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 08 तिलक नगर बदलू पूरा निवासी 24 वर्षीय शिवम यादव पुत्र जितेंद्र यादव ने शनिवार को जौनपुर जनपद के खेतासराय थाना क्षेत्र में वंदे भारत ट्रेन के आगे कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना मानिकला माइनर के सामने की बताई जा रही है। शिवम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां रीता देवी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।


मिली जानकारी के अनुसार, शिवम शनिवार को घर से परीक्षा देने की बात कहकर निकला था। वह अपनी बाइक लेकर जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र स्थित मानिकला माइनर के सामने पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसने दिन में करीब 11:30 बजे रेलवे लाइन के पास बाइक खड़ी की और वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत ट्रेन के आगे कूद गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग रेलवे लाइन पर पहुंचे और शव की पहचान करने का प्रयास किया। मृतक की जेब में बाइक की चाबी मिलने पर लोगों ने बाइक की डिग्गी खोलकर उसमें रखे कागजात के आधार पर उसकी पहचान की। इसके बाद शिवम के ससुराल जैगहा मुस्तफाबाद गांव निवासी उसके ससुर डॉ. भीमसेन यादव को मोबाइल फोन से घटना की सूचना दी गई।


16 महीने पहले हुई थी शादी
शिवम यादव की शादी करीब 16 महीने पहले हुई थी। वह दीदारगंज थाना क्षेत्र के मकदूमपुर बाजार में कलेन्द्र यादव के क्लिनिक पर रहकर प्रैक्टिस करता था। दो भाइयों में वह बड़ा था। उसके पिता जितेंद्र यादव मुंबई में निजी काम करते हैं। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार, शिवम घर से परीक्षा देने की बात कहकर निकला था, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी मौत की खबर पहुंच गई। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *