
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया कब्जा तो जेसीबी से हुई कार्रवाई, मंडी सचिव शिवमंगल के नेतृत्व में चला अभियान
डायरेक्टर के निर्देश पर मंडी परिषद में शुरू हुई कार्रवाई, शेष अतिक्रमणकारियों को एक-दो दिन की मोहलत, खुद नहीं हटाया कब्जा तो फिर चलेगी जेसीबी
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शहर के बेलइसा स्थित मंडी परिसर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार को बुलडोजर कार्रवाई से हड़कंप मच गया। मंडी प्रशासन ने जेसीबी की मदद से करीब 10 अवैध अतिक्रमणों को हटवाया। मंडी सचिव शिवमंगल के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान से अतिक्रमण कर दुकानें लगाने वालों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

जानकारी के अनुसार, बेलइसा मंडी परिसर में कई दुकानदारों ने शेड आदि लगाकर अवैध निर्माण कर लिया था। इससे मंडी परिसर में अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई थी। शासन के निर्देश पर डायरेक्टर स्तर से इन अवैध अतिक्रमणों को हटाने का आदेश जारी किया गया था। इसके बाद मंडी प्रशासन की ओर से संबंधित दुकानदारों को बार-बार नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई।
इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर शनिवार को मंडी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। मंडी सचिव शिवमंगल के नेतृत्व में जेसीबी की मदद से करीब 10 अवैध अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान मंडी परिसर में अवैध रूप से किए गए निर्माणों को हटवाया गया।

शेष अतिक्रमण पर भी चलेगी जेसीबी
मंडी सचिव शिवमंगल ने बताया कि मंडी परिषद में अभी कुछ और अवैध अतिक्रमण शेष हैं। संबंधित दुकानदारों ने इन्हें एक से दो दिन के भीतर स्वयं हटाने की बात कही है। यदि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो मंडी प्रशासन जेसीबी की मदद से उन्हें भी ध्वस्त कराने की कार्रवाई करेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी परिसर में लाइसेंसी दुकानदारों के अलावा अवैध रूप से अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मंडी प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि परिसर में अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और नियमों के विपरीत किए गए निर्माणों को हटाने के लिए सख्ती बरती जाएगी।