बुजुर्ग को अगवा कर जबरन जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप, तहसील में ग्रामीणों का प्रदर्शन

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

लापता बुजुर्ग की बरामदगी, भूमि की रजिस्ट्री पर रोक और निष्पक्ष जांच की मांग; एसडीएम बोले– जांच के बाद होगी कार्रवाई
आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के अहरौला थाना अंतर्गत अभयपुर गांव में भूमि विवाद ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया। गांव की राजमती पत्नी हरिराम, रीना, राम उजागीर, रविंद्र, प्रेम, उषा, सूरज, मनोज, चीकोटन, पलटन, रोशन, विश्वनाथ, गोलू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण बूढ़नपुर तहसील पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।


ग्रामीणों का आरोप है कि उनके परिवार के एक बुजुर्ग सदस्य को विपक्षी पक्ष के लोगों ने कथित रूप से अगवा कर लिया है। उनका कहना है कि बुजुर्ग चलने-फिरने में असमर्थ हैं और उनकी इसी स्थिति का फायदा उठाकर जबरन जमीन की रजिस्ट्री कराने की साजिश रची जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष ने पुलिस की मदद से बुजुर्ग को घर से उठवा लिया। उनका कहना है कि सुबह से परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है, जिससे पूरे गांव में आक्रोश व्याप्त है।
इसी प्रकरण में ग्राम अभयपुर निवासी रीना पत्नी रामनगीना ने उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर को अलग से प्रार्थना पत्र देकर गाटा संख्या 1866, 1865, 1868 एवं 1668/2144 स्थित भूमि पर किसी भी प्रकार की रजिस्ट्री अथवा निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका आरोप है कि उक्त भूमि उनकी पुश्तैनी संपत्ति है और कुछ लोग अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि लापता बुजुर्ग का जल्द पता लगाया जाए, संबंधित भूमि की खरीद-फरोख्त एवं रजिस्ट्री पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


अधिकारी बोले-
शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।अभयराज पाण्डेय,उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *