आजमगढ़ में जमीन के विवाद में खूनी हमला, पांच आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

बुजुर्ग और उसके बेटे पर जानलेवा हमले का आरोप, दो लाठी व लोहे की रॉड बरामद; जहानागंज पुलिस ने भेजा जेल


आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के टेल्हुआ चकवली गांव में जमीन के विवाद को लेकर पिता-पुत्र पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी और एक लोहे की रॉड बरामद की गई है। विधिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार, टेल्हुआ चकवली गांव निवासी मालती देवी पत्नी गरीब यादव ने 14 जुलाई को जहानागंज थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि जमीन के विवाद को लेकर विपक्षियों ने एकराय होकर उनके पति गरीब यादव (75) और पुत्र रामअशीष यादव (35) पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह और उनकी टीम ने बुधवार को पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केदारनाथ यादव, रामअधार यादव, सर्वेश उर्फ फिरींगी, अनिल उर्फ रामविलास और अवधेश यादव के रूप में हुई है। सभी टेल्हुआ चकवली गांव के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त दो लाठी और एक लोहे की रॉड बरामद की गई। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल कृष्ण देव तथा कांस्टेबल अलाऊद्दीन, शैलेष यादव और अभिषेक कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *