
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कोडरा गांव में बीते रविवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए गुरुवार को पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी तहरीर में नामजद सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।
कोडरा गांव निवासी रामहंस साहनी ने एसपी को दिए गए प्रार्थना-पत्र में बताया कि भूमि विवाद को लेकर उसके सगे भाई के परिवार ने उस पर और उसकी पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला संज्ञान में लिया और उसकी तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
रामहंस का आरोप है कि उसने अपनी तहरीर में पांच लोगों को नामजद किया था, लेकिन जीयनपुर पुलिस ने एक आरोपी का नाम मुकदमे से हटा दिया। उनका कहना है कि जिस आरोपी का नाम हटाया गया, उसी ने उन पर सबसे अधिक लाठी से हमला किया था।
पीड़ित ने एसपी से मुकदमे में उक्त आरोपी का नाम शामिल कर उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि इस मामले में जीयनपुर कोतवाली पुलिस चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर चुकी है। अब पीड़ित पक्ष शेष आरोपी के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग कर रहा है।