11 हजार वोल्टेज करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, नहर में काम करते समय हुआ हादसा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


लोहे की पाइप से नहर की गहराई का सीमांकन कर रहा था मजदूर, जौनपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम; ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े परिजन

हिंदी न्यूज़ 24
बरदह/आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बिछियापुर स्थित शारदा सहायक खंड-32 रजवाहा नहर में सोमवार को काम के दौरान 11 हजार वोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आने से 35 वर्षीय मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए जौनपुर ले गए, जहां देर शाम चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने शव घर पर रखकर ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, दीदारगंज थाना क्षेत्र के सूरहन गांव निवासी शाहहंसा पुत्र राम आधार गांव के दैनिक सिंह उर्फ चुन्नू, बाबी और अभय के साथ नहर की सफाई के काम में मजदूरी करने गया था। ठेकेदार की ओर से नहर की सफाई के लिए जेसीबी और पोकलैंड मशीन लगाई गई थी। इसी दौरान नहर की गहराई का सीमांकन करने के लिए कर्मचारियों ने लोहे की पाइप से काम कराने को कहा। शाहहंसा पाइप को दाएं-बाएं करने के बाद ऊपर उठा रहा था। इसी दौरान लोहे की पाइप ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्टेज के विद्युत तार के संपर्क में आ गई। पाइप में करंट उतरते ही शाहहंसा उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जौनपुर पहुंचाया, लेकिन देर शाम उसकी मौत हो गई। शव घर पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए शव घर पर रखे रहे।
मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी रबीना, मां चनवता देवी और चार वर्षीय पुत्री लाड़ी है। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही मार्टिनगंज पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *