
सहदेवगंज बाजार से एक किमी दूर पांडेय के बगीचे में मिला शव, कपड़ों से परिजनों ने की पहचान
हिंदी न्यूज़ 24
बलरामपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के सहदेवगंज बाजार से करीब एक किलोमीटर दूर पांडेय के बगीचे में बुधवार शाम छह दिन से लापता युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को कुछ जानवरों द्वारा नोचे जाने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दिल्ली से लौटने के बाद नहीं पहुंचा घर
अराजी मलहपुरवा गांव निवासी राहुल शर्मा (26) पुत्र कमलेश 11 सितंबर को दिल्ली से अपने घर लौट रहा था। शुक्रवार को सहदेवगंज बाजार में कुछ लोगों ने उसे देखा था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। युवक के लापता होने पर परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे।
बुधवार शाम करीब सात बजे बाजार से उत्तर-पूर्व दिशा में स्थित पांडेय के बगीचे में लोगों की नजर शव पर पड़ी। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में पहुंचे परिजनों ने युवक के कपड़ों के आधार पर शव की पहचान राहुल शर्मा के रूप में की।
पांच बहनों का इकलौता भाई था राहुल
राहुल पांच बहनों का इकलौता भाई था। उसकी शादी इसी वर्ष 24 फरवरी को एकता शर्मा के साथ हुई थी। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी एकता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आने की उम्मीद है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।