
संगठन को ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने और कायस्थ समाज की एकजुटता बढ़ाने पर रहेगा जोर
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 2150, आजमगढ़ के जिला अध्यक्ष पद पर संजय श्रीवास्तव का मनोनयन किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और कायस्थ समाज के लोगों में हर्ष का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर संजय श्रीवास्तव ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह संगठन की नीतियों और उद्देश्यों के अनुरूप पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में संगठन को ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। युवाओं को सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ ही समाज के लोगों के बीच आपसी समन्वय, एकजुटता और भाईचारे को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।
संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। समाज के जरूरतमंद लोगों के हित में रचनात्मक कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को जनपद में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उनके मनोनयन पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। लोगों ने कहा कि संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कायस्थ समाज की एकजुटता को और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर विद्याधर श्रीवास्तव, दिलीप अस्थाना, रजनीश श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, मृगांक शेखर सिन्हा, अभिषेक श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, अमन श्रीवास्तव, मुनीश अस्थाना, मदन गोपाल श्रीवास्तव, पंकज अस्थाना, मनोज कुमार श्रीवास्तव, राजेश अस्थाना अनन्त, सचिन सौरभ, ऋषभ श्रीवास्तव, विशाल श्रीवास्तव, मयंक श्रीवास्तव, पल्लव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।