कुवैत में हुई हत्या के चार दिन बाद गांव पहुंचा शव, अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

पत्नी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, एक पुत्र और एक पुत्री के सिर से उठा पिता का साया
आजमगढ़। थाना क्षेत्र के यूसुफपुर खानपुर निवासी 25 वर्षीय राहुल चौहान की कुवैत में हत्या के चार दिन बाद मंगलवार शाम शव पैतृक गांव पहुंचा। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी साधना सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। देर शाम दुवार्सा धाम में परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में राहुल का अंतिम संस्कार किया गया।
राहुल भाजपा सदस्य कस्तूरी चौहान के पुत्र थे और रोजगार के सिलसिले में कुवैत में नौकरी करते थे। करीब छह माह पहले ही वह दोबारा कुवैत गए थे। इससे पहले भी वह वहां काम कर चुके थे। मृतक के पिता कस्तूरी चौहान ने बताया कि राहुल दीदारगंज निवासी मुन्ना चौहान के पुत्र के साथ कुवैत गए थे।
परिजनों के अनुसार, कुवैत पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों ने कमरा बदलने अथवा काम से जुड़ी किसी गलतफहमी को हत्या की संभावित वजह बताया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मंगलवार शाम शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार राहुल के घर पहुंच गए। शव देखते ही पत्नी साधना बेसुध हो गईं। राहुल की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। उनके पीछे पत्नी साधना, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। कम उम्र में हुई इस दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल रहा। भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों ने राहुल के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *