
अहरौला थाना क्षेत्र के पात्ती गांव की घटना, परिजन पहले चुहिया के काटने का करते रहे अंदेशा, सीएचसी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हिंदी न्यूज़ 24
अहरौला। थाना क्षेत्र के पात्ती गांव में गुरुवार तड़के सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई। महिला को रात करीब तीन बजे किसी जहरीले जीव ने काट लिया था। परिजनों के मुताबिक, महिला ने इसे चुहिया के काटने की बात कही, जिसके बाद घर पर ही प्राथमिक उपचार किया गया। हालत बिगड़ने पर उसे निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन सुधार नहीं हुआ।

पात्ती गांव निवासी पूनम (54) पत्नी कोमल को रात करीब तीन बजे कथित तौर पर सांप ने काट लिया। परिजनों के अनुसार, पूनम ने बताया कि उसे चुहिया ने काटा है। इसके बाद घरवालों ने घरेलू स्तर पर उपचार किया। कुछ देर बाद पूनम की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे और चुहिया के काटने के हिसाब से उपचार कराया।
हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन पूनम को फूलपुर स्थित निजी चिकित्सक डॉ. सोहेल के पास ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को अहरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। महिला के परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।