स्वास्थ्य केंद्रों में अव्यवस्थाओं पर सीएमओ सख्त, समय से ड्यूटी नहीं पहुंचने पर होगी कार्रवाई

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

सठियांव सीएचसी और शाहगढ़ पीएचसी का औचक निरीक्षण, गंदे शौचालय और सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
बलरामपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने मंगलवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सठियांव और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों की समय से उपस्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। अव्यवस्थाएं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
सठियांव सीएचसी में चिकित्सकों के समय से उपलब्ध नहीं रहने की शिकायत के मद्देनजर सीएमओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सभी चिकित्सक निर्धारित समय पर केंद्र पर उपस्थित रहकर मरीजों को सेवाएं दें। ड्यूटी में लापरवाही या समय से उपस्थित नहीं रहने पर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मरीजों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली। इस पर अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। पेयजल की सुविधा उपलब्ध मिली, लेकिन उसे स्वच्छ और नियमित रूप से दुरुस्त रखने को कहा गया। परिसर की सफाई संतोषजनक मिलने के बावजूद व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
उपस्थिति पंजिका में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी समेत अधिकांश पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित मिला। निरीक्षण के समय कोई कर्मचारी अनुपस्थित नहीं पाया गया। ओपीडी और पंजीयन कक्ष में टोकन व कतार व्यवस्था सुचारू मिली। औषधि स्टोर में आवश्यक और जीवनरक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिलीं।
सीएमओ ने प्रसव कक्ष और वार्ड का भी निरीक्षण किया। भर्ती मरीजों से भोजन और दवाओं की गुणवत्ता का फीडबैक लिया। चिकित्सकों को मरीजों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने तथा अस्पताल अथवा जन औषधि केंद्र में उपलब्ध दवाओं को प्राथमिकता से लिखने के निर्देश दिए।
वहीं, पीएचसी शाहगढ़ में शौचालय अत्यधिक गंदा मिला। परिसर में घास-फूस और गंदगी भी पाई गई। इस पर सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को तत्काल सफाई कराने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को चेताया कि चिकित्सकों-कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, शौचालय, दवाओं और मरीजों की मूलभूत सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं समय से उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *