जर्जर बिजली तारों से परेशान ग्रामीणों का प्रदर्शन, हादसे की आशंका जताई

आजमगढ़ आजमगढ़ ग्रामीण

अहरौला के सवाल गांव में एलटी लाइन बदलने की मांग, 45 घरों के 400 लोग प्रभावित, अधिकारियों ने जल्द कार्य शुरू कराने का दिया आश्वासन


आजमगढ़। अहरौला क्षेत्र की सवाल ग्राम सभा में जर्जर विद्युत तारों और बदहाल बिजली व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एलटी लाइन के जर्जर तारों को तत्काल बदलने और बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।


ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत उपकेंद्र रेडहा से गांव तक आने वाली एलटी लाइन के तार पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। हल्की बारिश या तेज हवा चलते ही तार टूटकर जमीन पर गिर जाते हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती है और हादसे का खतरा बना रहता है। तार टूटने पर ग्रामीणों को निजी लाइनमैन बुलाकर अपने खर्च पर मरम्मत करानी पड़ती है।


ग्रामीणों ने बताया कि करीब नौ माह से एक वर्ष पहले गांव में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर, नए तार, खंभे सहित अन्य सामग्री पहुंचा दी गई थी, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं कराया गया। कई बार एसडीओ, जेई और विद्युत हेल्पलाइन 1912 पर शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।


ग्रामीण इरशाद अहमद ने बताया कि इस समस्या से गांव के करीब 45 घरों के लगभग 400 लोग प्रभावित हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते जर्जर तार नहीं बदले गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


इस संबंध में एसडीओ सत्यप्रकाश ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र में अन्य विद्युत कार्य चलने के कारण कुछ देरी हुई है। वहीं ठेकेदार ने बताया कि आवश्यक केबल उपलब्ध न होने और क्षेत्र में लगातार जेई के स्थानांतरण के कारण काम शुरू नहीं हो सका, लेकिन जल्द ही कार्य पूरा करा दिया जाएगा।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे विभाग के खिलाफ दोबारा आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में इरशाद, नौशाद, संतलाल, मनोज, शकुंतला, नूह मोहम्मद, संतार, वाहवना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *