आजमगढ़ में अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार, जिंदा कारतूस भी बरामद

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

अतरौलिया पुलिस ने भीलमपुर छपरा में खंडहर के पास की घेराबंदी, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज


आजमगढ़। जिले में अवैध शस्त्र रखने और उनकी तस्करी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतरौलिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अवैध शस्त्रों के निर्माण, तस्करी और रखने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को उपनिरीक्षक मनीष विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ बूढ़नपुर चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ग्राम भीलमपुर छपरा पहुंची। यहां एक खंडहर मकान के पास घेराबंदी कर सुनील यादव पुत्र रामकरन यादव, निवासी ग्राम एकडंगी, थाना कप्तानगंज, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है। अतरौलिया थाने में आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 0278/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कप्तानगंज थाने में भी पूर्व से एक मुकदमा दर्ज है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनीष विश्वकर्मा, कांस्टेबल राकेश विश्वकर्मा, राजकरन सोनकर, उमेश कुमार, रिक्रूट कांस्टेबल अजय कुमार सिंह और अभिषेक मिश्रा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *