
रजिस्ट्री न कराने और दूसरी जगह जमीन बेचने की कोशिश का आरोप, पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र में जमीन के सौदे में 20 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कमलेश यादव निवासी बेलवारपार के अनुसार, आरोपी संजय कुमार यादव निवासी बंघौरा इमामपुर ने अपनी भूमि बेचने का सौदा पहले 7.40 लाख रुपये में किया था, जिसके एवज में 6.40 लाख रुपये लेकर वर्ष 2025 में बैनामा करने का आश्वासन दिया। बाद में उसी भूमि का एक हिस्सा लगभग 20 लाख रुपये में बेचने की बात कहकर दोबारा सौदा किया गया और वर्ष 2026 में रजिस्ट्री के लिए बुलाया गया।
आरोप है कि रजिस्ट्री के दिन तकनीकी कारण बताकर बैनामा नहीं कराया गया। इसके बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया। काफी प्रयास के बाद जब पीड़ित आरोपी के घर पहुंचा और अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी व उसके परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी उसका पैसा हड़पकर उसी जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।