सोशल मीडिया विज्ञापन के जरिए साइबर ठगी, आजमगढ़ के दो युवकों पर एफआईआर

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

तमिलनाडु की महिला से ₹21,999 की ऑनलाइन ठगी, जांच में आजमगढ़ तक पहुंची साइबर क्राइम की कड़ी


आजमगढ़। सोशल मीडिया पर निवेश के नाम पर दिए गए फर्जी विज्ञापन के जरिए तमिलनाडु की एक महिला से ₹21,999 की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम जांच में इस ठगी के तार आजमगढ़ जिले से जुड़ने पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु निवासी जोसेफिन लाथा ने 10 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन के माध्यम से निवेश करने पर अधिक लाभ का लालच दिया गया। विज्ञापन पर भरोसा कर उन्होंने विभिन्न माध्यमों से कुल ₹21,999 जमा कर दिए, लेकिन बाद में यह धोखाधड़ी निकली।


जांच में आजमगढ़ के बैंक खाते तक पहुंची रकम
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की गई धनराशि आजमगढ़ निवासी अनुल यादव के बैंक खाते में स्थानांतरित हुई थी। बैंक खाते की जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को थाने बुलाकर पूछताछ की।


दोस्त को दिया था एटीएम और बैंक खाते का इस्तेमाल
पूछताछ में अनुल यादव ने बताया कि उसने अपने बैंक खाते का एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग सुविधाएं अपने मित्र शशांक सिंह को दे रखी थीं। शशांक सिंह ने उसके खाते का उपयोग कर लेन-देन किया और इसके बदले उसे ₹4,000 कमीशन दिया था।


दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति
जांच में दोनों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने अनुल यादव और शशांक सिंह के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की संस्तुति की है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *