पति समेत ससुराल के साथ लोग किए गए नामजद
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की तहरीर पर पति समेत सात लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एफआईआर के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व उसका विवाह सरायमीर थाना क्षेत्र के आबाद गांव निवासी इसराइल से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति, सास, जेठ और अन्य ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि बिना दहेज के वापस आई तो जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी। मामले में पीड़िता की शिकायत पर 27 जुलाई 2026 को सरायमीर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।