निजी अस्पतालों की लापरवाही पर होगी कार्रवाई, पंजीकरण और आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने निजी अस्पताल संचालकों के साथ की समीक्षा बैठक, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं के लंबित कार्य जल्द पूरा करने को कहा
मरीजों के स्वास्थ्य अभिलेखों को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने और पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जिले के निजी अस्पतालों में पंजीकरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने निजी अस्पताल संचालकों के साथ बैठक कर सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस), मरीजों के पंजीकरण, स्वास्थ्य अभिलेखों के रखरखाव, जननी सुरक्षा योजना और पीएम राहत कार्यक्रम की समीक्षा की गई। सीएमओ ने कहा कि पात्र स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सा संस्थानों का पंजीकरण जल्द पूरा कराया जाए। मरीजों के उपचार से संबंधित विवरण सही तरीके से दर्ज करने के साथ ही स्वास्थ्य अभिलेखों को अद्यतन, सुरक्षित और गोपनीय रखा जाए।
पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर
निजी अस्पतालों को आवंटित गांवों में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीएमओ ने कार्ड से वंचित पात्र परिवारों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर कार्ड निर्माण अभियान में तेजी लाने और इसके लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय ने अस्पताल संचालकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं, पंजीकरण और मरीजों के अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव से जुड़े दायित्व समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जननी सुरक्षा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के अभिलेखों और निर्धारित प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा पीएम राहत कार्यक्रम के दिशा-निर्देशों तथा आवश्यक विवरण प्रस्तुत करने की स्थिति पर चर्चा हुई। संबंधित अस्पताल संचालकों को दोनों कार्यक्रमों के नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि पंजीकरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण और सरकारी योजनाओं के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में प्रभारी प्रचार-प्रसार मनीष तिवारी, आयुष्मान भारत के जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नितिन मिश्रा, डिस्ट्रिक्ट ग्रीवांस मैनेजर/डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशन मैनेजर रंजन मिश्रा सहित जिले के प्रमुख निजी अस्पतालों के संचालक और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *