
मासिक बैठक में भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप, सात सितंबर को पुलिस अधिकारियों से मिलेगा सपा प्रतिनिधिमंडल
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक बुधवार को पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय से प्राप्त परिपत्रों को जिला सचिव वर्मन यादव ने पढ़कर सुनाया। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने बताया कि पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद और अन्य पदाधिकारी बंद किए गए प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के परिसर के पास समारोह आयोजित करेंगे। इसके लिए प्रत्येक बंद स्कूल पर पार्टी पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों को शिक्षा से वंचित करने के उद्देश्य से विद्यालय बंद कर रही है। कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोषणा की है कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर बंद विद्यालयों को फिर से खोला जाएगा और शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। पिछड़े, गरीब, शोषित, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी।
हवलदार यादव ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और माध्यमिक विद्यालयों में आरएसएस की विचारधारा थोपने का प्रयास कर रही है, जो देश की एकता और अखंडता के लिए घातक है।
पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने एक सितंबर की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि आरएसएस द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करने के विरोध में समाजवादी युवा संगठनों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने युवाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें कोतवाली के लॉकअप में बंद कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हिरासत में उन्हें पानी तक नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार पुलिस के माध्यम से संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है। उन्होंने बताया कि सात सितंबर को सपा का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करेगा।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि योगी सरकार के जनविरोधी कार्यों से जनता ऊब चुकी है और लोगों का विश्वास सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से अभियान चलाने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान से वंचित न रहे।
बैठक में विधायक अखिलेश यादव, कमलाकांत राजभर, पूजा सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर और जयराम सिंह पटेल समेत अन्य नेताओं ने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर अजीत कुमार राव, अब्दुल्ला अलाउद्दीन, डॉ. हरिराम यादव, राज नारायण यादव, जगदीश यादव, अशोक यादव, हरिश्चंद्र यादव, वसीमुद्दीन शेख, दुर्गेश यादव, लल्लन चौहान, श्यामदेव चौहान, इंजीनियर अभिषेक यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।