बारिश में जर्जर तीन मंजिला मकान भरभराकर ढहा, दो महिलाएं मलबे में दबीं

आजमगढ़ आजमगढ़ शहर


अनवरी बेगम और सलमा बानो को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित निकाला, सलमा की हालत गंभीर; जर्जर दीवारों से अब भी खतरा

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बाजबहादुर मोहल्ले में गुरुवार सुबह लगातार हो रही बारिश के बीच कादरी मस्जिद के पास एक जर्जर तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान में मौजूद दो महिलाएं मलबे में दब गईं। तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल सलमा बानो को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि अनवरी बेगम का भी उपचार कराया गया।
बताया गया कि हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। यह मकान कलेक्ट्रेट के पूर्व पेशकार स्वर्गीय अयूब का बताया गया है। इसमें उनकी 75 वर्षीय पत्नी अनवरी बेगम, 40 वर्षीय पुत्र सलीम, 55 वर्षीय बहन सलमा बानो और 15 वर्षीय भांजा मोहम्मद यूसुफ रहते हैं। घटना के समय सलीम काम पर और मोहम्मद यूसुफ स्कूल गया हुआ था।
लगातार बारिश के कारण सबसे पहले मकान की ऊपरी मंजिल की छत ढही। इसके बाद दूसरी और तीसरी मंजिल का हिस्सा भी अचानक गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आने से अनवरी बेगम और सलमा बानो दब गईं। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला।
जर्जर दीवारों से अब भी मंडरा रहा खतरा
मकान की छत और कई हिस्से ढहने के बाद भी इसकी जर्जर दीवारें खड़ी हैं। मकान के ठीक बाहर व्यस्त मार्ग होने से राहगीरों और वाहनों पर खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रस्सी लगाकर बैरिकेडिंग कराई है, लेकिन आवागमन जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कमजोर दीवारें कभी भी सड़क की ओर गिर सकती हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मकान का तत्काल निरीक्षण कराकर जर्जर हिस्सों को सुरक्षित तरीके से हटवाने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *