
मुसेपुर के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा जयंती, 204 विद्यार्थियों व शिक्षकों ने लिया हिस्सा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (पूर्ववर्ती नाम राजकीय आश्रम पद्धति), मुसेपुर में बृहस्पतिवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सहभागिता की।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विद्यालय परिसर में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। विद्यार्थियों को भगवान विश्वकर्मा के जीवन, उनके शिल्प कौशल तथा निर्माण एवं सृजन के महत्व से परिचित कराया गया। उन्हें मेहनत, कौशल और रचनात्मकता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर विद्यार्थियों ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए दीप जलाए। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन तथा देश के विकास में उनके योगदान पर भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के संदेश का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि सर्वोदय विद्यालय विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और महापुरुषों के जीवन से जोड़ने का माध्यम हैं। विद्यार्थियों में कौशल, रचनात्मकता और सेवा की भावना विकसित करना विभाग की प्राथमिकता है।
प्रधानाचार्य राकेश कुमार सिंह के अनुसार कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी तथा 204 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस दौरान पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन, भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम समेत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।